CHAPTER- 1 लोकतंत्र क्या? लोकतंत्र क्यों?
NOTES
1. समकालीन दुनिया में लोकतंत्र ही सबसे लोकप्रिय शासन पद्धति हैं।
2. लोकतंत्र- लोगों के लिए, लोगों के द्वारा चलने वाली शासन व्यवस्था ही लोकतंत्र है।
- डेमोक्रेसी यूनानी शब्द डेमोक्रेशिया से बना है। यूनानी में डेमोस का अर्थ होता है लोग और क्रेशिया का अर्थ होता है शासन। इस प्रकार डेमोक्रेसी अर्थात् लोकतंत्र का अर्थ है लोगों का शासन।
- लोकतंत्र शासन का एक ऐसा रूप है जिसमें शासकों का चुनाव लोग करते हैं।
3. लोकतंत्र की विशेषताएं-
- लोकतंत्र में अंतिम निर्णय लेने की शक्ति लोगों द्वारा चुने हुए प्रतिनिधियों के पास ही होनी चाहिए।
- लोकतंत्र निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनावों पर आधारित होना चाहिए ताकि सत्ता में बैठे लोगों के लिए जीत-हार के समान अवसर हों।
- लोकतंत्र में हर व्यस्क नागरिक का एक वोट होना चाहिए और हर वोट का एक समान मूल्य होना चाहिए।
- एक लोकतांत्रिक सरकार संवैधानिक कानूनों और नागरिक अधिकारों द्वारा खींची लक्ष्मण रेखाओं के भीतर ही काम करती है।
4. लोकतंत्र शासन का एक ऐसा रूप है जिसमें-
- लोगों द्वारा चुने गए शासक ही सारे प्रमुख फैसले करते हैं।
- चुनाव लोगों के लिए निष्पक्ष अवसर और इतने विकल्प उपलब्ध करता है कि वे चाहें तो मौजुदा शासकों को बदल सकते हैं।
- यह विकल्प और अवसर सभी लोगों को समान रूप से उपलब्ध हों।
- इस चुनाव से बनी सरकार संविधान द्वारा तय बुनियादी कानूनों और नागरिक अधिकारी के दायरे को मानते हुए काम करती हैं।
5. लोकतंत्र के खिलाफ तर्क-
- लोकतंत्र में नेता बदलते रहते हैं। इससे अस्थिरता पैदा होती हैं।
- लोकतंत्र का मतलब सिर्फ राजनैतिक लडा़ई और सत्ता का खेल है। यहां नैतिकता की कोई जगह नहीं होती।
- लोकतांत्रिक व्यवस्था में इतने सारे लोगों से बहस और चर्चा करनी पड़ती है कि हर फैसले में देरी होती हैं।
- चुने हुए नेताओं को लोगों के हितों का पता ही नहीं होता। इसके चलते खराब फैसले होते हैं।
- लोकतंत्र में चुनावी लडा़ई महत्वपूर्ण और खर्चीली होती हैं, इसीलिए इसमें भ्रष्टाचार होता हैं।
- सामान्य लोगों को पता नहीं होता कि उनके लिए क्या चीज़ अच्छी है और क्या चीज़ बुरी, इसलिए उन्हें किसी चीज का फैसला नहीं करना चाहिए।
6. लोकतंत्र के पक्ष में तर्क-
- लोकतांत्रिक शासन पद्धति दूसरों से बेहतर है क्योंकि यह शासन का अधिक जवाबदेही वाला स्वरूप हैं।
- लोकतंत्र बेहतर निर्णय लेने की संभावना बढ़ाता है।
- लोकतंत्र मतभेदों और टकरावों को संभालने का तरीका उपलब्ध कराता है।
- लोकतंत्र में कोई भी स्थायी विजेता नहीं होती और कोई स्थायी रूप से पराजित नहीं होता।
- लोकतंत्र में नागरिकों की जो हैसियत होती है वह किसी और व्यवस्था में नहीं होती।
- लोकतंत्र नागरिकों का सम्मान बढा़ता है।
- लोकतांत्रिक व्यवस्था दूसरों से बेहतर है क्योंकि इसमें हमें अपनी ग़लती ठीक करने का अवसर भी मिलता है।
7. लोकतंत्र का वृहत्तर अर्थ- हमारे समय में लोकतंत्र का सबसे आम रूप है प्रतिनिधित्व वाला लोकतंत्र।
- आधुनिक लोकतांत्रिक शासन व्यवस्था में इतने अधिक लोग होते हैं कि हर बात के लिए सबकों साथ बैठाकर सामूहिक फैसला कर पाना संभव ही नहीं हो सकता।
- अगर यह संभव हो तब भी हर एक नागरिक के पास हर फैसले में भाग लेने का समय, इच्छा या योग्यता और कौशल नहीं होता।
8. लोकतांत्रिक फैसले का मतलब होता है उस फैसले से प्रभावित होने वाले सभी लोगों के साथ विचार-विमर्श के बाद और उनकी स्वीकृति से फैसले लेना यानि जो बहुत शक्तिशाली न हो उसका भी किसी फैसले में उतना ही महत्व होना जितना किसी बहुत शक्तिशाली का।
9. देश कि भविष्य शासकों के कामकाज से भी ज्यादा नागरिकों के कामकाज पर निर्भर करता है। यह चीज लोकतंत्र को अन्य शासन व्यवस्थाओं से अलग करती है।
10. अधिकांश गैर-लोकतांत्रिक सरकारें चाहती ही नहीं कि लोग राजनीति में हिस्सा लें।